
सेवा सेतु से आसान हुआ प्रमाण पत्र बनवाने का काम, 4-5 दिन में मिले बेटी के तीनों प्रमाण पत्र
जांजगीर-चांपा। सरकारी दफ्तरों में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से अब यह काम आसान हो रहा है। इसका लाभ सारागांव निवासी जगमोहन को भी मिला है।
जगमोहन अपनी बेटी खुशी का आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय सारागांव स्थित सेवा सेतु केन्द्र पहुंचे थे। उन्होंने जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया। आवेदन की जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज 4-5 दिनों में उनके मोबाइल पर तीनों प्रमाण पत्रों की पीडीएफ मिल गई। इसके बाद उन्हें प्रमाण पत्र भी प्राप्त हो गए।
कम समय में प्रमाण पत्र मिलने से जगमोहन को काफी राहत मिली। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु केन्द्र के कारण उनका समय और मेहनत दोनों बचे। आवेदन जमा करने से लेकर प्रमाण पत्र मिलने तक की प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक रही।
जगमोहन ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होती है।
जगमोहन का अनुभव बताता है कि जब सरकारी सेवाएं सरल और समय पर मिलती हैं, तो आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलती है। सेवा सेतु केन्द्र की ऐसी सुविधाएं लोगों के लिए मददगार साबित हो रही हैं।



