
जिले में उत्साह के साथ मनाया गया विश्व शौचालय दिवस, 10 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान
एनसीसी युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : ओपी चौधरी
जांजगीर-चांपा। जिले में 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने और लोगों को शौचालय के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 10 दिसंबर 2026 तक चलेगा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान की थीम ‘स्वच्छ शौचालय – गरिमामय भविष्य’ रखी गई है। अभियान का उद्देश्य गांवों में शौचालयों की सुविधा को बेहतर बनाना, उनकी साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करना है।
स्कूल, आंगनबाड़ी और पंचायत भवनों के शौचालयों पर भी ध्यान
अभियान के तहत गांवों में बने सामुदायिक शौचालयों के साथ स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवनों के शौचालयों की स्थिति सुधारी जाएगी। महिलाओं, बालिकाओं और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शौचालयों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
पुराने शौचालयों की मरम्मत और साफ-सफाई होगी
ग्राम पंचायतों को जरूरत के अनुसार शौचालयों की मरम्मत, रंग-रोगन और नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। सिंगल पिट शौचालयों को ट्विन पिट में बदलने और सेप्टिक टैंकों में आवश्यक सुधार के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इसके साथ ही दीवार लेखन और स्वच्छता संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि खुले में शौच की समस्या को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

30 नवंबर तक पूरा करना होगा स्वच्छता आकलन
अभियान के दौरान स्वच्छ सेवा आकलन की भी समीक्षा की जाएगी। जिन ग्राम पंचायतों में स्व-मूल्यांकन, ग्राम सभा सत्यापन और अंतिम रिपोर्ट जमा करने की प्रक्रिया अधूरी है, उन्हें 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। अभियान के कार्यों की जियो-टैगिंग और फोटो के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
उत्कृष्ट शौचालयों को मिलेगा सम्मान
स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों और हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक विकासखंड से दो उत्कृष्ट सामुदायिक शौचालय परिसर और दो उत्कृष्ट संस्थागत शौचालयों का चयन किया जाएगा।
इसी तरह व्यक्तिगत शौचालयों की भी ग्राम पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिता होगी। अभियान के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों और परिसरों को सम्मानित किया जाएगा।



