एनसीसी युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : ओपी चौधरी

मारो में 2.32 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

 

रायपुर, 19 नवंबर 2026। युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को केवल सैन्य सेवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए तैयार करता है। यह बात वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में कही।

 

वित्त मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए एनसीसी कैडेटों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन के साथ मेहनत करने और अपनी प्रतिभा का उपयोग देश व समाज के विकास में करने की सलाह दी।

 

एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को मिलेगा बेहतर संसाधन

 

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार लखौली स्थित संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल करने के लिए आवश्यक सहयोग देगी। संस्थान में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास के लिए जरूरतों का आकलन किया जाएगा। इसके लिए आगामी बजट में आवश्यक प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा।

 

उन्होंने अधिकारियों को संस्थान की आवश्यकताओं का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर सुविधाएं मिलने से यह संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।

 

सेना में करियर के साथ देशसेवा का भी अवसर

 

कैडेटों को संबोधित करते हुए ओ पी चौधरी ने कहा कि भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना युवाओं के लिए बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराती हैं। इन सेवाओं से जुड़कर युवा अपना भविष्य बनाने के साथ देश की सुरक्षा और सम्मान में भी योगदान दे सकते हैं।

 

उन्होंने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा का अवसर मिल रहा है। सैन्य प्रशिक्षण से मिलने वाला अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जीवनभर काम आता है।

 

सोशल मीडिया से बचाएं समय, लक्ष्य पर रखें ध्यान

 

वित्त मंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया के सही उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि आज इंटरनेट और डिजिटल तकनीक ने ज्ञान के नए रास्ते खोले हैं, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा उपयोग एकाग्रता और समय प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि लगातार छोटी-छोटी वीडियो देखने और बिना उद्देश्य सोशल मीडिया पर समय बिताने से पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता कम हो सकती है। युवाओं को तकनीक का उपयोग अपने विकास के लिए करना चाहिए। किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जांचना जरूरी है। अफवाहों और भ्रामक खबरों से भी सतर्क रहना चाहिए।

 

अपनी मेहनत और अनुभव से युवाओं को किया प्रेरित

 

ओ पी चौधरी ने कैडेटों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान नियमित दिनचर्या और समय का अनुशासित उपयोग उनकी सफलता का महत्वपूर्ण आधार रहा।

 

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल सुविधाएं और संसाधन जरूरी नहीं हैं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत सबसे ज्यादा मायने रखती है। युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, बैंकिंग, रेलवे, रक्षा सेवा, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकते हैं।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा देश

 

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा उत्पादन, तकनीक, विनिर्माण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण और निर्यात की दिशा में अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। ब्रह्मोस जैसी रक्षा प्रणालियां भारत की बढ़ती तकनीकी और सामरिक ताकत का उदाहरण हैं।

 

उन्होंने युवाओं से देश में उपलब्ध नए अवसरों को पहचानने और अपने ज्ञान, कौशल तथा मेहनत से भारत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

 

स्वस्थ और अनुशासित युवा ही देश की असली ताकत

 

ओ पी चौधरी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। इसके लिए नियमित व्यायाम, खेलकूद और अच्छी दिनचर्या अपनाना जरूरी है।

 

उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करना, टीम भावना से काम करना और जिम्मेदारी निभाना सिखाता है। छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर अवसर देने की।

 

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने एनसीसी अधिकारियों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना की तथा सभी कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ब्रिगेडियर साई प्रसाद, कर्नल रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close