
रीपा केंद्रों से ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार, ‘आशा’ के रूप में विकसित होंगे आजीविका केंद्र
जिले में उत्साह के साथ मनाया गया विश्व शौचालय दिवस, 10 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए रीपा केंद्रों को अब ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ (आशा) के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके जरिए ग्रामीणों को गांव में ही स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और महिला स्व-सहायता समूहों की आमदनी बढ़ाने की पहल की जा रही है।
इसी सिलसिले में गुरुवार को जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने बलौदा विकासखंड के जर्वे च और महुदा ब तथा नवागढ़ विकासखंड के पचेड़ा और पेंड्री ज स्थित रीपा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध मशीनों, भवन और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

महिला समूहों से जानी रोजगार की संभावनाएं
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने महिला स्व-सहायता समूहों से बातचीत की और उनके कामकाज, अनुभव तथा रोजगार में रुचि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्रों में ऐसे काम शुरू किए जाएं, जिनकी बाजार में मांग हो और जिनसे महिलाओं तथा ग्रामीण युवाओं को नियमित आमदनी हो सके।
दिसंबर तक शुरू होंगी आजीविका गतिविधियां
शासन की योजना के अनुसार दिसंबर 2026 तक सभी केंद्रों को सक्रिय करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रत्येक केंद्र में उपलब्ध मशीनों और उपकरणों की जांच की जाएगी। खराब मशीनों की मरम्मत, संभावित उद्यमियों की पहचान और स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर केंद्रवार कार्ययोजना तैयार कर गतिविधियां शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

गांव के उत्पादों को मिलेगा बाजार
‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, ग्रामीण युवाओं और स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ उनके लिए बाजार भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गांवों में ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि और महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।



