बिलासपुर में ‘प्रारंभ–2026’ का शुभारंभ, नए फिजियोथेरेपी विद्यार्थियों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

रीपा केंद्रों से ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार, ‘आशा’ के रूप में विकसित होंगे आजीविका केंद्र

 

बिलासपुर। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर में बीपीटी प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘प्रारंभ–2026’ की शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी की पढ़ाई, चिकित्सा सेवाओं और भविष्य में मरीजों के उपचार में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और नवप्रवेशित विद्यार्थी शामिल हुए।

 

मरीजों के इलाज में फिजियोथेरेपी की भूमिका अहम

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि आज के समय में स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। मरीजों को बीमारी से उबारने, शारीरिक क्षमता वापस दिलाने और जीवन की गुणवत्ता सुधारने में फिजियोथेरेपिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, नियमित अध्ययन और मानवीय संवेदनाओं के साथ अपने पेशे में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर और फिजियोथेरेपिस्ट का तालमेल जरूरी

 

कार्यक्रम के पहले दिन का मुख्य विषय ‘मल्टीडिसिप्लिनरी टीम अप्रोच’ रहा। इस विषय पर कैंसर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव ने विद्यार्थियों को जानकारी दी।

 

उन्होंने बताया कि किसी मरीज का बेहतर इलाज केवल एक डॉक्टर के प्रयास से संभव नहीं होता। इसके लिए डॉक्टर, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, पोषण विशेषज्ञ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को मिलकर काम करना जरूरी है। सभी के बीच बेहतर तालमेल होने से मरीज को उसकी जरूरत के अनुसार उपचार मिल पाता है।

 

कैंसर मरीजों के पुनर्वास में भी फिजियोथेरेपी उपयोगी

 

डॉ. ध्रुव ने बताया कि कैंसर के ऑपरेशन, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के बाद मरीजों को कमजोरी, दर्द, थकान, जोड़ों में जकड़न और चलने-फिरने में परेशानी हो सकती है। ऐसे समय में फिजियोथेरेपी मरीज की शारीरिक क्षमता और दैनिक काम करने की योग्यता को बेहतर बनाने में मदद करती है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि मरीज की सुरक्षा और बेहतर उपचार के लिए मेडिकल विशेषज्ञों तथा फिजियोथेरेपिस्ट के बीच संवाद और सहयोग बेहद जरूरी है।

 

छह दिनों तक मिलेंगे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन

 

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने अतिथियों और सिम्स के विभागाध्यक्षों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अनुभवी चिकित्सकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और व्यावहारिक जानकारी देने में मददगार होगा।

 

छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के पेशे, संबंधित काउंसिल, नियामक संस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी जाएगी।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ पढ़ाई तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें एक कुशल, जिम्मेदार और संवेदनशील स्वास्थ्यकर्मी के रूप में तैयार करना है।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close