हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई कर चुके हैं युवा, बनाया था ‘विष्णु देव रूट’; अब साहसिक पर्यटन में बनाएंगे नई पहचान

चक्रवाती तूफान अकवान से धान की फसलों को नुकसान, खेतों में पहुंचकर अधिकारी कर रहे जांच

 

रायपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने जा रहे हैं। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) ने इन युवाओं का अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण के लिए चयन किया है। दिसंबर में बेंगलुरु में होने वाले इस प्रशिक्षण के बाद युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

 

प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन्हें रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीक, सुरक्षा व्यवस्था और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर चार युवाओं को लेवल-1 और एक युवा को लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

 

यह प्रशिक्षण भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित किया जाएगा। इस उपलब्धि से जशपुर में साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

 

हिमालय की चोटी पर बनाया था ‘विष्णु देव रूट’

 

जशपुर के इन युवाओं ने पहले भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल चढ़ाई की थी।

 

इस दौरान युवाओं ने एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसका नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया। इस अभियान में युवाओं ने साहस, अनुशासन और बेहतर पर्वतारोहण कौशल का प्रदर्शन किया था।

 

मुख्यमंत्री साय ने जताई खुशी

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पांचों युवाओं के चयन पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को सही प्रशिक्षण और अवसर देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा और स्थानीय युवाओं के कौशल को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जाए।

 

वर्ष 2024 में शुरू हुई थी पहल

 

जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य स्थानीय आदिवासी युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।

 

इस काम में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने अहम भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को शुरुआती प्रशिक्षण से लेकर पर्वतारोहण के व्यावहारिक अनुभव तक तैयार किया।

 

वर्ष 2026 में तेजल भगत को CLAW की ओर से प्रायोजन भी मिला, जिससे उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

 

जशपुर में बढ़ेगा साहसिक पर्यटन

 

जशपुर अपनी पहाड़ियों, चट्टानों, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति के लिए जाना जाता है। यहां रॉक क्लाइंबिंग, मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन और इको-कल्चरल पर्यटन की अच्छी संभावनाएं हैं।

 

अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये युवा पेशेवर गाइड के रूप में काम कर सकेंगे। इससे जशपुर आने वाले पर्यटकों को स्थानीय प्रशिक्षित गाइड मिलेंगे और युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

 

जिला प्रशासन स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों के संचालन और प्रबंधन से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहा है। होमस्टे, युवा महोत्सव और साहसिक पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से जशपुर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन जशपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे दूसरे युवाओं को भी अपने हुनर को पहचानने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close