
जन्म-मृत्यु का 100% पंजीयन कराने कलेक्टर ने दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 23 सितंबर 2026। जिले में जन्म और मृत्यु की हर घटना का रिकॉर्ड दर्ज हो, इसे लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में शत-प्रतिशत जन्म-मृत्यु पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक ली। इस दौरान वर्ष 2025-26 में हुए जन्म-मृत्यु पंजीयन की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी रजिस्ट्रार और उप रजिस्ट्रारों को निर्देश दिए कि सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में होने वाले जन्म और मृत्यु की घटनाओं का 21 दिनों के भीतर निःशुल्क पंजीयन कर प्रमाण-पत्र जारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कारण से पंजीयन समय पर नहीं हो पाया है और विलंबित पंजीयन के लिए आवेदन मिलता है, तो उसका नियमानुसार जल्द से जल्द निराकरण किया जाए।
पुराने रिकॉर्ड भी होंगे डिजिटल
बैठक में कलेक्टर ने जन्म-मृत्यु पंजीयन से जुड़े पुराने रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने और उन्हें डिजिटल करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रजिस्ट्रार रिकॉर्ड का सही तरीके से रख-रखाव करें, ताकि जरूरत पड़ने पर पुरानी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने निजी अस्पतालों की सूची को भी समय-समय पर अपडेट करने और वहां होने वाले जन्म-मृत्यु पंजीयन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, उप संचालक योजना एवं सांख्यिकी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



