
छत्तीसगढ़ के लाखों सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने CM साय का जताया आभार
छत्तीसगढ़ विधानसभा होगी डिजिटल और पेपरलेस, NeVA प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है। शुक्रवार को फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है। इस सुविधा से लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
गंभीर बीमारी और आपातकालीन इलाज में मिलेगी राहत
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से गंभीर बीमारी और अचानक चिकित्सा की जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना कम करना पड़ेगा।
अब इलाज के लिए पहले बड़ी रकम की व्यवस्था करने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरने जैसी दिक्कतों में कमी आएगी। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री को अभिनंदन समारोह का दिया न्योता
इस मुलाकात के दौरान कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को फेडरेशन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जिसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा एवं संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



