जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का प्रशिक्षण संपन्न

जिला पंचायत की सामान्य सभा में ग्रामीण विकास योजनाओं की हुई समीक्षा, हर माह सरपंचों के लिए लगेगा विशेष शिविर

 

रायपुर, 5 नवंबर 2026। भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां छत्तीसगढ़ में तेज हो गई हैं। इस चरण के तहत राज्य में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक मैदानी कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर पहुंचकर प्रत्येक परिवार के सदस्यों की गणना करेंगे। जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।

 

जनगणना-2027 के प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में 1 से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण के लिए राज्यभर में लगभग 66 हजार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मैदानी स्तर पर जिम्मेदारी निभाएंगे। इनके प्रशिक्षण के लिए जिलों द्वारा 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। वहीं फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करने के लिए 47 जिलों से तथा 13 जनगणना कार्य निदेशालय से कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स नामित किए गए हैं।

 

प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

 

भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के मार्गदर्शन तथा जनगणना की राज्य नोडल अधिकारी एवं गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारीक और जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक कार्तिकेया गोयल के दिशा-निर्देशों में आयोजित हो रहा है।

 

प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण 2 नवंबर से शुरू होकर 5 नवंबर को संपन्न हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ के लिए नामित राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र एवं प्रदीप कुमार साव, दोनों संयुक्त निदेशक, ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

 

16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स हुए शामिल

 

प्रथम बैच में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित कुल 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए।

 

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, प्रश्नावली, प्रगणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, आंकड़ों के संकलन और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने संबंधी जानकारी दी गई। व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रभावी प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया।

 

16 से 19 नवंबर तक दूसरे बैच का प्रशिक्षण

 

प्रशिक्षण श्रृंखला का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक प्रशासन अकादमी, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित किया जाएगा। इसमें भी दोनों राष्ट्रीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण देंगे।

 

मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के बाद जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इस बहुस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था के माध्यम से राज्य के सभी जनगणना कार्यकर्ताओं को दूसरे चरण के लिए तैयार किया जाएगा।

 

जनगणना-2027 का दूसरा चरण देश के प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए प्रशिक्षण के सभी स्तरों पर तकनीकी दक्षता, आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्धता और जवाबदेही पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ में जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close