निरीक्षण में कोई किशोर बंदी नहीं मिला, उम्र को लेकर संदेह होने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश
जन्म-मृत्यु का 100% पंजीयन कराने कलेक्टर ने दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 23 सितंबर 2026। जेल में कहीं कोई नाबालिग या किशोर बंदी तो नहीं है, इसकी जांच के लिए जेल निरीक्षण समिति ने जिला जेल खोखरा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने जेल के सभी बैरकों में जाकर बंदियों से उनकी उम्र से संबंधित जानकारी ली। बंदियों से मिली जानकारी और जांच के आधार पर विधि के उल्लंघन में शामिल कोई किशोर जेल में नहीं मिला।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि जेल कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी बंदी की उम्र को लेकर संदेह हो या निरीक्षण के दौरान कोई किशोर होने की स्थिति सामने आए, तो इसकी जानकारी तुरंत समिति के सदस्यों को दी जाए।
उन्होंने बताया कि उम्र का सत्यापन होने के बाद यदि कोई किशोर पाया जाता है, तो नियमानुसार उसे संप्रेक्षण गृह में संरक्षण देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संरक्षण अधिकारी ज्योति मिश्रा, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी सम्मे सिंह कंवर, पुष्पेन्द्र मरकाम, हर्ष वर्धन सिंह और जिला जेल अधीक्षक डी.डी. टोंडर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



