
जिला पंचायत की सामान्य सभा में ग्रामीण विकास योजनाओं की हुई समीक्षा, हर माह सरपंचों के लिए लगेगा विशेष शिविर
जशपुर में हेलमेट बैंक की शुरुआत, मुख्यमंत्री साय ने किया शुभारंभ; जरूरतमंदों को मिलेंगे 1000 हेलमेट
जांजगीर-चांपा, 5 नवंबर 2026। जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में सामान्य सभा एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पूर्व बैठकों में पारित प्रस्तावों के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों से कार्यों की अद्यतन जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हर माह सरपंचों के लिए आयोजित होगा विशेष शिविर
बैठक में जिला पंचायत से संबंधित कार्यों के त्वरित निराकरण के लिए प्रत्येक माह सरपंचों हेतु विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं का समय पर निराकरण हो सके।
वन विभाग द्वारा कराए गए पौधरोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए पौधों की वास्तविक स्थिति एवं उनके संरक्षण की जानकारी लेने की बात कही गई। साथ ही कैम्पा मद से जिले में कराए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने और वन विभाग की समिति की बैठक आयोजित कर विभागीय कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष जोर
बैठक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संचालित प्रचार-प्रसार गतिविधियों, व्यय एवं लाभार्थियों की जानकारी की समीक्षा की गई। जिला पंचायत सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था एवं संचालन की जांच के लिए समिति गठित कर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में साइबर ठगी से बचाव, स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिक उपचार और सीपीआर की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विगत एक वर्ष में लाभान्वित हितग्राहियों की संख्या, योजना पर हुए व्यय और माता-पिता की सहमति से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी भी ली गई।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सदस्यों ने कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के आय-व्यय की जानकारी पर भी चर्चा हुई। बैठक में सभी विभागों को जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी केंद्रों में किसानों को मिलेंगी आवश्यक सुविधाएं
सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में आगामी धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को टोकन, धान विक्रय और भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, एटीएम सुविधा सुनिश्चित करने तथा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
ई-फाइल प्रणाली से बेहतर होगी कार्यालयीन व्यवस्था
शिक्षा विभाग को शिक्षकों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने, दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, शासकीय कार्यों में ई-फाइल प्रणाली का अनिवार्य उपयोग करने तथा शाखाओं के प्रभार में आवश्यक बदलाव कर कार्यालयीन व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड एवं लंबित आवेदनों का निराकरण, उद्योगों के अपशिष्ट को नदियों और जलस्रोतों में जाने से रोकने तथा धुआं प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। मत्स्य विभाग को तालाबों को पट्टे पर देने से पहले ग्रामीणों की निस्तारी एवं सिंचाई की जरूरतों का ध्यान रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने और योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने कहा गया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन कुमार जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका सिंह क्षत्री, राजकुमार साहू, संतोषी सिंह रात्रे, प्रमिला साहू, महादेव नेताम, उर्मिला यादव, बबीता रात्रे, शशिकला सिंह, उमा राठौर, मोहन कुमारी साहू, आशा साव, सांसद प्रतिनिधि विवेका गोपाल, वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, प्रभारी उपसंचालक पंचायत बरन सिंह मंडावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



