
जशपुर में हेलमेट बैंक की शुरुआत, मुख्यमंत्री साय ने किया शुभारंभ; जरूरतमंदों को मिलेंगे 1000 हेलमेट
जशपुर में चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ, अब हाट-बाजारों में मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा
जशपुर, 4 नवंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में स्थापित हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कई लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। थोड़ी सी सावधानी न केवल खुद की जिंदगी बचा सकती है, बल्कि परिवार को भी बड़ी परेशानी से बचा सकती है।
जरूरतमंदों को अस्थायी रूप से मिलेगा हेलमेट
जशपुर पुलिस द्वारा शुरू किए गए हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि किसी जरूरी काम से अचानक घर से निकलने वाले ऐसे दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिनके पास उस समय हेलमेट नहीं है या तत्काल हेलमेट खरीदने की सुविधा नहीं है। नागरिक अपना काम पूरा करने के बाद हेलमेट वापस बैंक में जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग करना होगा।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के लिए विशेष अभियान
जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में नियमित हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना है।
जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



