
विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका — केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया
रायपुर, 13 अप्रैल 2026/ राष्ट्रीय-स्तरीय ‘MY Bharat Budget Quest’ के समापन अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने वर्चुअल संबोधन के माध्यम से विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के युवा समावेशी एवं सतत विकास के प्रमुख वाहक हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

राज्य निदेशक (प्रभारी) MY Bharat छत्तीसगढ़, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अर्पित तिवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में MY Bharat छत्तीसगढ़ द्वारा 13 अप्रैल 2026 को IIIT रायपुर में इस राष्ट्रीय-स्तरीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से 500 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो नीतिगत संवाद और राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समापन सत्र में कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं के साथ संवाद कर बजट से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए और उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया को समझने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय इस आयोजन में ‘मानव पूंजी विकास’ और ‘विकसित कृषि’ जैसे राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर गहन चर्चा की गई। इन सत्रों ने प्रतिभागियों के बीच सार्थक संवाद, नवीन विचारों के आदान-प्रदान और नीति-उन्मुख सोच को बढ़ावा दिया। ‘MY Bharat Budget Quest’ युवाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित हुआ, जिसके माध्यम से वे बजटीय प्रक्रिया और विकासात्मक ढांचे को समझने एवं उसमें योगदान देने में सक्षम हुए।
कार्यक्रम का समापन युवा-नेतृत्व वाले परिवर्तन के सशक्त संदेश के साथ हुआ, जिसने आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। इस अवसर पर ओपी व्यास ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।



