बस्तर में स्वास्थ्य क्रांति की नई शुरुआत: सुकमा में ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ
रायपुर, 13 अप्रैल 2026/ “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः…” की भावना को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सुकमा जिला चिकित्सालय में ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश के 1046 स्वास्थ्य संस्थानों—जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक—मुफ्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अटल आरोग्य लैब के माध्यम से 133 प्रकार की जांचें निःशुल्क की जाएंगी। आधुनिक डिजिटल व्यवस्था के तहत मरीजों को उनकी जांच रिपोर्ट एसएमएस और व्हाट्सऐप के जरिए सीधे प्राप्त होगी, जिससे उन्हें बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और इलाज की प्रक्रिया तेज होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश की डायग्नोस्टिक व्यवस्था मजबूत होगी और विभिन्न बीमारियों की पहचान समय पर संभव हो सकेगी। विशेष रूप से बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में यह सुविधा लोगों को बड़े शहरों पर निर्भरता से राहत देगी।
उल्लेखनीय है कि सुकमा जिला चिकित्सालय में पहले से ब्लड बैंक, सोनोग्राफी, एक्स-रे, ईसीजी, आपातकालीन सेवाएं, सीजेरियन प्रसव, एनआरसी और डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब ‘अटल आरोग्य लैब’ के जुड़ने से स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



