एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कवर्धा की बेटी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत बना पहला बालिका शौचालय

 

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली हॉकी खिलाड़ी गीता यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गीता को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने गीता की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि कवर्धा की बेटी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश-प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के दूसरे युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

 

फाइनल में चीन को हराकर भारत बना चैंपियन

 

गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

 

इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता। इसके अलावा भारतीय टीम ने एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

 

टूर्नामेंट में गीता ने दागे चार गोल

 

भारतीय टीम में मिडफील्डर के रूप में खेलने वाली गीता यादव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान कुल चार गोल किए।

 

मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल किए। वहीं, जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल दागकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।

 

किसान परिवार से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का सफर

 

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पहचान बनाई है। उन्होंने कोच शिवा चौहान से हॉकी का शुरुआती प्रशिक्षण लिया। इसके बाद बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और बेहतर बनाया।

 

लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर गीता राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों पर भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

 

स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर चर्चा

 

मुलाकात के दौरान कवर्धा और आसपास के क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और जरूरी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। विजय शर्मा ने गीता से उनके अनुभवों और खिलाड़ियों की जरूरतों के बारे में जानकारी ली।

 

उप मुख्यमंत्री ने गीता यादव की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

 

गीता यादव की यह सफलता छत्तीसगढ़ की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाकर देश के लिए कुछ हासिल करने का सपना देख रही हैं।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close