
डोंगा घाट में चला स्वच्छता अभियान, कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
गांधी जयंती पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने महात्मा गांधी को किया नमन
जांजगीर-चांपा, 2 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत चांपा के डोंगा घाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। “सेवा मेरा योगदान” पहल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर हसदेव नदी तट और डोंगा घाट परिसर की साफ-सफाई की।
कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चांपा श्री प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष श्री अमरजीत खटकर, जिला पंचायत सदस्य श्री राजकुमार साहू, सीईओ जिला पंचायत श्री विनय पोयाम, एसडीएम चांपा श्री शशि चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। स्वच्छता दीदियों और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सभी ने मिलकर घाट परिसर और नदी तट के आसपास सफाई की तथा लोगों को सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए जागरूक किया।
स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी
इस अवसर पर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और नदी तटों को भी स्वच्छ रखें। कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और दूसरे लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ समाज
“सेवा मेरा योगदान” पहल का उद्देश्य स्वच्छता के कार्यों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। डोंगा घाट में आयोजित इस अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयास और नियमित साफ-सफाई से ही स्वच्छ एवं सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है।



