मारो में 2.32 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

पीएम स्वनिधि योजना से सुशील प्रजापति के पुश्तैनी कुम्हारी व्यवसाय को मिला नया सहारा

 

बेमेतरा, 19 नवंबर 2026। मारो नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने 2 करोड़ 31 लाख 79 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने नगर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हाट-बाजार निर्माण के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने की भी घोषणा की।

 

कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल और विधायक ईश्वर साहू भी मौजूद रहे।

 

चार विकास कार्यों का भूमिपूजन, एक कार्य का लोकार्पण

 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मारो नगर पंचायत में चार विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें वार्ड क्रमांक-3 में 75 लाख 20 हजार रुपये की लागत से बनने वाला डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन, 29 लाख 67 हजार रुपये की लागत से मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, वार्ड क्रमांक-12 में 48 लाख 71 हजार रुपये की लागत से देवराहा तालाब मुक्तिधाम का उन्नयन तथा नगर के विभिन्न वार्डों में 67 लाख 21 हजार रुपये की लागत से 12 सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।

 

इसके अलावा विकासखंड नवागढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित रंगमंच एवं भवन का लोकार्पण किया गया।

मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता : अरुण साव

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और बाजार जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नगरों का सुनियोजित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मारो नगर पंचायत में भी विकास कार्यों के माध्यम से सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

 

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए, ताकि इनका लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।

 

विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि मारो सहित पूरे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नए निर्माण कार्यों और घोषणाओं से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय, जिला पंचायत सभापति अंजू बघेल, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, अजय साहू सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close