रबी फसलों की सिंचाई के लिए 5 जनवरी से मिलेगा नहरों में पानी, 20 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी जलापूर्ति
देवरी में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन, 30 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
जांजगीर-चांपा। जिले के किसानों के लिए रबी फसलों की सिंचाई को लेकर अच्छी खबर है। आगामी रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए 5 जनवरी 2027 से नहरों के माध्यम से पानी दिया जाएगा। यह जलापूर्ति 20 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी। इस संबंध में कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी की सहमति से सिंचाई कार्यक्रम निर्धारित किया गया।
बांध में 78 प्रतिशत पानी उपलब्ध
बैठक में हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग के कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह ने बांध में उपलब्ध जलभराव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बांध में 78 प्रतिशत जलभराव है। बैठक में हसदेव दायीं तट और बायीं तट नहर प्रणाली के माध्यम से किसानों की मांग के अनुसार पानी देने का निर्णय लिया गया।
साथ ही संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को नहरों से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि सिंचाई के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
खाद-बीज और कीटनाशक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कृषि विभाग, सहकारी बैंक, मार्कफेड और बीज निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन के लिए खाद, बीज और कीटनाशकों की जरूरत का तत्काल आकलन करें। किसानों की आवश्यकता के अनुसार इनका पर्याप्त भंडारण किया जाए, ताकि समय पर किसानों को सामग्री उपलब्ध हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बांध में उपलब्ध पानी और नहरों की स्थिति को देखते हुए मैदानी अमला किसानों के साथ मिलकर चर्चा करे और उसी के अनुसार रबी फसलों के सिंचित क्षेत्र का निर्धारण करे।
बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, विधायक पामगढ़ शेषराज हरबंश, विधायक जैजैपुर बालेश्वर साहू, पूर्व विधायक केशव चन्द्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित गुलजार सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, आशुतोष गोस्वामी, कन्हैया राठौर, दुष्यंत सिंह, संदीप तिवारी, शिव तिवारी और शैलेन्द्र पांडेय उपस्थित रहे।
इसके अलावा हसदेव नहर जल प्रबंध संभाग के कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा, किसान और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।
रबी सीजन में समय पर नहरों से पानी मिलने से किसानों को फसलों की सिंचाई में राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का प्रयास है कि पानी का बेहतर प्रबंधन हो और किसानों को जरूरत के अनुसार सिंचाई की सुविधा मिल सके।



