मस्तुरी 28 अगस्त 2020। आज देर रात हुई तेज बारिश के कारण मस्तूरी तथा आसपास के क्षेत्र में लीलाधर नदी में बाढ़ आ जाने के कारण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस दौरान सुबह मस्तूरी पुलिस को जानकारी मिली की ग्राम रिसदा में जलभराव की स्थिति हो गई है तथा धनवार पारा के 15 से 20 परिवार जल भराव में फंसे हुए हैं।
जिसकी जानकारी मिलते ही तत्काल मस्तुरी थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह व उनकी टीम ने ग्राम विश्वा पहुँच कर पानी मे फॅसे लोगों को ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू किया। लगातार बारिश होने के कारण लीलाधर नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ता जा रहा था। एस डी आर एफ की टीम को मौके पर पहुंचने में समय लगती । इस बात का ध्यान रखते हुए मस्तूरी पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। मौके से रस्सा तथा ट्यूब के सहारे फॅसे लोगो को बाहर निकाला गया।
तेज बारिश के कारण बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आज जलभराव की स्थिति होने के वजह से एसडीआरएफ की टीम अलग-अलग जगह पर कार्य कर रही थी। बाढ़ में फंसे हुए लोग भी परेशान हो रहे थे । इस कारण स्थानीय पुलिस द्वारा उपलब्ध संसाधनों से रेस्क्यू का काम शुरू किया गया। लगभग 57 लोगों को पुलिस की रेस्क्यू टीम सकुशल बाहर निकाली। लगातार बारिश के कारण कुछ घंटों में जल का स्तर और अधिक बढ़ गया था जिस कारण कुछ बुजुर्ग एवं महिलाएं बाढ़ में फंसे रह गए थे। उन्हें भी एसडीआरएफ की टीम के मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मस्तुरी पुलिस के थाना प्रभारी फैजुल होदा शाह व उनकी टीम की इस सराहनीय कार्य के लिए गांव वाले सभी सराहना कर रहे है।