
छत्तीसगढ़ में खरीफ की बोनी 99 प्रतिशत पूरी, किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित
रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की बोनी का काम लगभग पूरा हो चुका है। 22 सितंबर तक प्रदेश में 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 99 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता पर निगरानी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती के लिए जरूरी खाद और बीज आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद-बीज उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भंडारण रखने और लगातार निगरानी करने के लिए भी कहा गया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं।
13.14 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं।
इस खरीफ सीजन में 48.44 लाख हेक्टेयर में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी की गई है।
प्रदेश में इस खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्र में 17.64 लाख मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है।
अब तक किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद बांटी जा चुकी है, जो निर्धारित वितरण लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।
4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज बांटे
खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके मुकाबले 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और अब तक 4.58 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है।
प्रदेश में अब तक 1008.1 मिमी औसत बारिश
22 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 1008.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है।
अधिकारियों के अनुसार पिछले 10 वर्षों के आधार पर इस अवधि की औसत वर्षा 1061.6 मिलीमीटर रही है। इस लिहाज से इस साल अब तक की औसत वर्षा 53.5 मिलीमीटर कम है। पिछले साल इसी अवधि में 881.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी।
किसानों को 8125.51 करोड़ रुपये का कृषि ऋण
किसानों को खेती के लिए आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी दिया जा रहा है।
21 सितंबर 2026 तक किसानों को 8125.51 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले साल इसी अवधि में 6740.75 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया था।
चालू खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।



