
राज्य निर्वाचन आयुक्तों की बैठक में चुनावों को तकनीक-सक्षम बनाने पर मंथन, EVM प्रबंधन और डेटाबेस साझा करने पर बनी सहमति
श्रमिक महासम्मेलन में CM साय की 3 बड़ी घोषणाएं, ई-बाइक और ई-रिक्शा सहायता का ऐलान
रायपुर, 17 सितंबर 2026। नवा रायपुर अटल नगर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन के तहत हुई इस बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों को आसान, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और समय पर कराने को लेकर विभिन्न राज्यों के निर्वाचन आयुक्तों ने चर्चा की।
बैठक में राज्यों में लागू नई तकनीकों और ऑनलाइन चुनावी व्यवस्थाओं को साझा करने पर जोर दिया गया, ताकि दूसरे राज्य भी इन व्यवस्थाओं को अपनाकर चुनाव प्रक्रिया को बेहतर बना सकें।

EVM प्रबंधन के लिए सॉफ्टवेयर पर चर्चा
बैठक में जरूरत पड़ने पर राज्यों के बीच EVM साझा करने के लिए ‘EVM प्रबंधन प्रणाली सॉफ्टवेयर’ तैयार करने पर भी विचार हुआ। इस व्यवस्था की जिम्मेदारी बिहार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा संभाले जाने की बात कही गई।
इसके अलावा चुनावों के दौरान अपनाई जा रही बेस्ट प्रैक्टिसेज, तकनीकी नवाचार और समय पर चुनाव कराने में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
चुनावी डेटाबेस और M-3 EVM पर सहमति
राज्यों के बीच चुनावी डेटाबेस साझा करने के प्रस्ताव पर भी बैठक में विचार किया गया। यह सुझाव गुजरात और महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रखा गया था।
वहीं जरूरत के समय राज्यों को M-3 मॉडल EVM उपलब्ध कराने और इनके साझा उपयोग की व्यवस्था पर भी सहमति बनी। यह प्रस्ताव पश्चिम बंगाल राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रखा गया था।
निर्वाचन आयुक्तों ने एक-दूसरे के राज्यों की चुनावी व्यवस्थाओं और नवाचारों को समझने के लिए चुनाव कार्यक्रमों की जानकारी साझा करने तथा अध्ययन दौरों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
पुणे में हो सकता है आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन
बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्तों के ‘कोऑपरेटिव फेडरलिज्म और मल्टीलेवल गवर्नेंस’ विषय पर होने वाले आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए पुणे को संभावित स्थल के रूप में तय किया गया।
इस दौरान नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार ने नवा रायपुर के विकास और आधुनिक स्वरूप पर प्रस्तुति दी।
नवीन विधानसभा भवन का किया भ्रमण
बैठक के बाद विभिन्न राज्यों के निर्वाचन आयुक्तों ने सपरिवार नवा रायपुर के सेक्टर-19 स्थित छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन का भ्रमण किया। उन्होंने सदन के भीतर जाकर विधायी कामकाज और विधानसभा संचालन की व्यवस्था की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने नवा रायपुर के प्रमुख क्षेत्रों का भी भ्रमण किया और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा तकनीक से जुड़ी विकसित हो रही सुविधाओं को देखा।
डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम में देखी जनजातीय संघर्षों की गाथा
निर्वाचन आयुक्तों ने नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी अवलोकन किया।
देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम के रूप में बताए गए इस संग्रहालय में 14 अलग-अलग सेक्टरों में डिजिटल तकनीक और स्क्रीन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जनजातीय आंदोलनों और स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं को प्रदर्शित किया गया है।
आयुक्तों ने हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी, मेरिया, मुरिया, भूमकाल, सोनाखान विद्रोह, झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह सहित विभिन्न ऐतिहासिक संघर्षों की प्रस्तुतियां देखीं।
इसके बाद संग्रहालय परिसर में आयोजित संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया।



