
सेवा संकल्प अभियान में ग्रामीणों से मिले मंत्री राजेश अग्रवाल, योजनाओं के लाभार्थियों की जानी सफलता की कहानी
हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता-मधु का शानदार प्रदर्शन, भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका
रायपुर, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों से मुलाकात कर योजनाओं से मिले लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
मंत्री अग्रवाल ने गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत धनौली पहुंचकर पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही कार्तिक राम बैगा और धीरपाल सिंह बैगा के नवनिर्मित घर देखे। उन्होंने दोनों परिवारों से बातचीत कर पक्का मकान मिलने के बाद हुए बदलाव के बारे में जाना। हितग्राहियों ने पक्का घर मिलने पर खुशी जताई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बकरी पालन से लखपति दीदी बनीं भानुकला बैगा
मंत्री ने धीरपाल सिंह बैगा की पत्नी भानुकला बैगा की सफलता की कहानी भी जानी। भानुकला ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के महिला स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं और बकरी पालन सहित दूसरी आजीविका गतिविधियों के जरिए अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।
स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने लगातार मेहनत करते हुए अपनी आजीविका गतिविधियों का विस्तार किया और लखपति दीदी बनने की उपलब्धि हासिल की।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने भानुकला बैगा की सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाएं स्वसहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने भानुकला को अपनी आजीविका गतिविधियों को और आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयुष्मान कार्ड से मिले इलाज की जानकारी ली
मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के हितग्राही नेमचंद गुर्जर से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ आयुष्मान कार्ड से मिले उपचार के बारे में पूछा।
नेमचंद गुर्जर ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार का लाभ लिया है। उन्होंने रेबीज का टीकाकरण भी कराया है। मंत्री ने योजना से मिले लाभ की जानकारी ली और परिवार का हालचाल जाना।
ग्रामीणों ने भुट्टा खिलाकर किया स्वागत
मंत्री की मुलाकात के दौरान गुर्जर परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उन्हें गरमा-गरम भुट्टा खिलाया। ग्रामीणों के इस सहज स्वागत से माहौल काफी आत्मीय रहा। मंत्री ने परिवार का धन्यवाद दिया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों से सेवा संकल्प अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर अभियान से जुड़ने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। लाभार्थियों के अनुभव दूसरे लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान इसी जनभागीदारी और सेवा भावना को बढ़ाने का माध्यम है।
इस अवसर पर विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



