
हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता-मधु का शानदार प्रदर्शन, भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका
बिलासपुर, 17 सितंबर 2026। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार खेल दिखाया। दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया और पूरे टूर्नामेंट में चार-चार गोल किए।
दोनों खिलाड़ी बिलासपुर के बहतराई राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन से बिलासपुर के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है।
मलेशिया और पाकिस्तान के खिलाफ जमकर बरसे गोल
टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने कई मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने एक गोल कर भारतीय टीम की जीत में योगदान दिया।
इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने 11-1 से बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल दागे।
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में भी दोनों खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया। इस मैच में गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल किए।
पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार गोल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेल विभाग ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद रहे।



