
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण, कपिल देव भी रहे मौजूद
रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ अब सिर्फ क्रिकेट और अन्य खेलों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रोफेशनल गोल्फ के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने और इसके लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने में हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने खुद खेला गोल्फ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोल्फ कोर्स पर खुद भी हाथ आजमाया और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देखकर वहां मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोल्फ को लोग फिल्मों में ही खेलते हुए देखते थे, लेकिन आज छत्तीसगढ़ खुद प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। यह प्रदेश में बदलती खेल संस्कृति का संकेत है।
132 प्रोफेशनल गोल्फरों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में इतने बड़े स्तर के गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। 132 प्रोफेशनल खिलाड़ियों का यहां पहुंचना प्रदेश में खेलों के लिए बन रहे बेहतर माहौल को दिखाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से केवल खेल को बढ़ावा नहीं मिलता, बल्कि राज्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मजबूत होती है। इससे खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को बड़े खिलाड़ियों से सीखने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया गोल्फ डेस्टिनेशन का दर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में विभिन्न खेलों के बड़े आयोजन कराने पर लगातार जोर दे रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभा और मेहनत करने वाले खिलाड़ियों के सामने संसाधनों की कमी बाधा न बने।
बस्तर और सरगुजा आने का दिया न्योता
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए गोल्फ खिलाड़ियों से कहा कि वे टूर्नामेंट के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति को भी करीब से देखें।
उन्होंने खिलाड़ियों को विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा आने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात सहित बस्तर के प्राकृतिक स्थलों और सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों और संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की खूबसूरती खिलाड़ियों के लिए यादगार अनुभव हो सकती है।
बस्तर में खेलों से बदल रही तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इसका उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों को प्रदेश में बढ़ावा दिया जा रहा है। अब प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट से छत्तीसगढ़ की खेल यात्रा को नया आयाम मिलेगा।
हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव
पीजीटीआई अध्यक्ष और 1983 विश्वकप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं और नई प्रतिभाओं को प्रेरणा देते हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है। जिस तरह आज दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्रों के रूप में पहचाने जाते हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के बड़े गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।
पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर वातावरण और आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेलने वाले खिलाड़ी दोबारा छत्तीसगढ़ आने की इच्छा जताते हैं।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ नवा रायपुर और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल संस्कृति को और मजबूत कर सकते हैं।



