सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर को शिवरीनारायण में जलेंगे एक लाख दीप, जिलेभर में होंगे कई आयोजन

 

जांजगीर-चांपा, 16 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर होगी। इस दिन शाम 7 बजे शिवरीनारायण के महानदी घाट पर एक लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

 

हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

 

17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लोगों को अपने घरों में दीप जलाने के लिए जोड़ा जाएगा। अभियान में प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक के रूप में रखा गया है। मैदानी टीमें लोगों से संपर्क कर उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगी।

 

बच्चों के सपनों में दिखेगा विकसित भारत

 

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें विकसित भारत और 25 वर्षों की सेवा यात्रा से जुड़े विषयों पर बच्चे अपनी कल्पनाएं सामने रखेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

 

गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’

 

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां आसान और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन भी प्रस्तावित है।

 

आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’

 

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें माताओं और बच्चों की भागीदारी रहेगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ पोषण, टीकाकरण, मातृ सहायता और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

 

योजनाओं से लाभ लेने वाली महिलाएं अपने अनुभव और जीवन में आए बदलाव की कहानी भी साझा करेंगी।

 

सामने आएंगी ‘कहानी बदलाव की’

 

अभियान में ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां जुटाई जाएंगी। इनमें हितग्राही का नाम, स्थान, योजना और योजना से हुए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।

 

‘सेवा ज्योति यात्रा’ से जुड़ेंगे लोग

 

सेवा के 25 वर्षों के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को लेकर गांव, जिला और राज्य स्तर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित करने की तैयारी है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

 

‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक करेंगे सेवा कार्य

 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल चलेगी। इसमें नागरिक और विभिन्न संस्थाएं सेवा गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगी। नदी-घाट की स्वच्छता सहित कई सेवा कार्य अभियान का हिस्सा होंगे। युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों को इससे जोड़ा जाएगा।

 

‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर

 

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

 

कई अन्य गतिविधियां भी होंगी

 

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र-भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

 

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत विभिन्न परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जबकि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित करने की योजना है।

 

इस तरह 17 सितंबर से शुरू होने वाला सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक जिले में अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से लोगों की भागीदारी से आगे बढ़ेगा।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close