
जांजगीर-चांपा के युवा जुड़ेंगे ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ से
जांजगीर-चांपा, 11 सितंबर 2026। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता दिखाने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच मिलने जा रहा है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जिले के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को अभियान से जोड़ने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि इस पहल से युवाओं को अपने विचार, नए आइडिया और नेतृत्व क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही वे विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपना नजरिया भी साझा कर सकेंगे।
25 सितंबर तक दे सकते हैं क्विज
युवा अधिकारी प्रतिष्ठा माथूर ने बताया कि अभियान के तहत ‘विकसित भारत क्विज’ ऑनलाइन आयोजित की जा रही है। जिले के पात्र युवा 25 सितंबर 2026 तक मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से क्विज में हिस्सा ले सकते हैं।
इस प्रतियोगिता की शुरुआत क्विज से होगी। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। अलग-अलग चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
इन मुद्दों पर रख सकेंगे अपनी बात
‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, तकनीक, पर्यावरण और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रतियोगिता से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें नीति निर्माण, नवाचार और देश के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना भी है।
मेरा युवा भारत, जांजगीर-चांपा ने जिले के सभी पात्र युवाओं, युवा संगठनों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं से अपील की है कि वे 25 सितंबर की अंतिम तिथि से पहले ज्यादा से ज्यादा संख्या में विकसित भारत क्विज में हिस्सा लें।



