
जगमहंत में पीएम आवास हितग्राहियों को मिली ‘खुशियों की चाबी’
जांजगीर-चांपा, 11 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जांजगीर-चांपा जिले के हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। जिले में पिछले दो वित्तीय वर्षों में 8,546 पीएम आवास पूरे किए गए हैं। शुक्रवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में इन नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया।
इसी कड़ी में नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत जगमहंत में जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार पोयाम पहुंचे। उन्होंने पीएम आवास योजना के हितग्राही को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी और विधि-विधान से नए घर में गृह प्रवेश कराया।
इस दौरान हितग्राही और उनके परिवार में खुशी का माहौल रहा। लंबे समय से कच्चे मकान में रहने वाले परिवार को अब पक्का और सुरक्षित घर मिल गया है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने हितग्राही को नए घर की बधाई दी। उन्होंने कहा कि “यह आपके खुशियों की चाबी है। अब इस घर की जिम्मेदारी आपकी है। इसे अच्छी तरह संभालकर रखें और अपने परिवार के साथ सुख-शांति से रहें।”
उन्होंने बताया कि कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का काम लगातार चल रहा है। पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए निर्माण कार्यों की निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में पीएम आवास हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी गई। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले की ग्राम पंचायतों में भी गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए।



