
जल संरक्षण और हर घर नल से पानी सरकार की प्राथमिकता, CM साय ने दिए मार्च 2028 तक काम पूरा करने के निर्देश
रायपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने को लेकर सरकार ने काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि पानी की एक-एक बूंद को बचाना जरूरी है, क्योंकि जल संरक्षण आज के साथ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जल संचय जनभागीदारी अभियान और जल जीवन मिशन की जिलेवार प्रगति की जानकारी ली।
मार्च 2028 तक जल संरचनाओं का काम पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण से जुड़ी सभी जल संरचनाओं का काम मार्च 2028 तक पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सभी काम तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने जल संरक्षण के कामों की लगातार निगरानी करने और जहां भी कोई कमी या परेशानी सामने आए, उसे तुरंत दूर करने को कहा।
जनभागीदारी से आगे बढ़ेगा जल संरक्षण अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। सरकार की योजनाओं के साथ लोगों को जोड़कर इसे बड़े अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
बैठक में जल संचय जनभागीदारी अभियान की जिलेवार प्रगति की जानकारी भी दी गई। कोरिया, धमतरी और राजनांदगांव सहित बेहतर काम करने वाले जिलों की मुख्यमंत्री ने तारीफ की।
उन्होंने कहा कि जिन जिलों ने अच्छा काम किया है, वहां की कार्यप्रणाली और अनुभव दूसरे जिलों में भी लागू किए जाएं, ताकि पूरे प्रदेश में जल संरक्षण का काम तेजी से आगे बढ़ सके।
हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर परिवार तक नल के जरिए स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है।
उन्होंने कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में जल जीवन मिशन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जहां तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य किसी तरह की परेशानी आ रही है, उसका तुरंत समाधान कर काम को आगे बढ़ाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सिर्फ पाइपलाइन और दूसरी सुविधाएं बना देना ही पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि लोगों के घरों तक नियमित रूप से साफ पानी पहुंच रहा है या नहीं।
पूरे हो चुके कामों का भुगतान समय पर करें
बैठक में मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पूरे हो चुके कामों के भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो काम तय मापदंड और गुणवत्ता के अनुसार पूरे हो चुके हैं, उनका भुगतान बिना अनावश्यक देरी के किया जाए।
हर जिले में जल सुरक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री साय ने सभी कलेक्टरों से कहा कि जल संरक्षण और हर घर तक नल से पानी पहुंचाना उनके जिले की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों और पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखकर योजना बनाने तथा जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संचय अभियान और जल जीवन मिशन सीधे आम लोगों की जिंदगी से जुड़े हैं। इन योजनाओं के सही तरीके से लागू होने से लोगों को आज बेहतर पेयजल मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पानी सुरक्षित रहेगा।
बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, जल संसाधन विभाग के सचिव आर. एस. टोप्पो, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



