
मुख्यमंत्री की पहल से शशिकांत को एम्स में मिला इलाज, 4 लाख की सहायता स्वीकृत
रायपुर, 10 सितंबर 2026। धमतरी जिले के ग्राम देवपुर के रहने वाले 29 वर्षीय शशिकांत भरत के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। सोशल मीडिया के जरिए शशिकांत की गंभीर तबीयत की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मामले का संज्ञान लिया।
मुख्यमंत्री ने शशिकांत से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 9 सितंबर की शाम शशिकांत को एम्स रायपुर में भर्ती कराया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
शशिकांत के इलाज के लिए मुख्यमंत्री ने 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी मंजूर की है।
2016 के हादसे के बाद से बिगड़ी थी हालत
शशिकांत वर्ष 2016 में सड़क हादसे का शिकार हुए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। दुर्घटना के बाद उनकी सर्वाइकल में गंभीर समस्या हो गई, जिससे हाथ-पैर की कार्यक्षमता प्रभावित हुई।
परिवार ने लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। अब एम्स रायपुर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज शुरू होने से परिवार को नई उम्मीद मिली है।
मुख्यमंत्री का फोन आया तो बढ़ा हौसला
मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत और एम्स में इलाज की व्यवस्था होने के बाद शशिकांत ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद फोन कर उनका हालचाल पूछा और इलाज के लिए 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की, यह उनके और उनके परिवार के लिए बड़ी मदद और हौसले की बात है।



