
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने तैयारियों की समीक्षा की, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में होंगे आयोजन
रायपुर, 9 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए पर्यटन और संस्कृति विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने आवास कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों को रचनात्मक और जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए।
नुक्कड़ नाटकों में दिखेगी योजनाओं से बदली जिंदगी
अभियान के दौरान संस्कृति विभाग की ओर से स्कूलों, कॉलेजों, सामुदायिक केंद्रों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।
इन नाटकों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक आसान भाषा में पहुंचाई जाएगी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेकर अपनी जिंदगी में बदलाव लाने वाले लोगों की कहानियां भी दिखाई जाएंगी।
नुक्कड़ नाटकों में स्थानीय भाषा, लोककला, संगीत और प्रभावी संवाद का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका मकसद सरकारी योजनाओं के प्रचार को सिर्फ जानकारी देने तक सीमित न रखकर उसे लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम बनाना है।
स्कूल-कॉलेजों में होने वाले कार्यक्रमों से विद्यार्थियों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
सोशल मीडिया पर दिखेगा बदलता छत्तीसगढ़
पर्यटन विभाग देश और प्रदेश के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर लोगों तक पहुंचाएगा।
इन्फ्लूएंसर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, बेहतर होती सुविधाओं, विकसित अधोसंरचना और विकास कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोगों के सामने रखेंगे।
इस पहल से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ युवाओं और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को भी अभियान से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
एक महीने तक होंगे कई कार्यक्रम
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना है।
अभियान में प्रमुख रूप से—
– आशीर्वाद का दीया
– 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत
– नमो सेवा गाथा
– आंगन का उत्सव
– कहानी बदलाव की
– सेवा ज्योति यात्रा
– सेवा मेरा योगदान
– सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार
जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और योजनाओं से अभी तक वंचित हितग्राहियों को जोड़ने पर जोर रहेगा।
संस्कृति और पर्यटन बनेंगे जनसंवाद का माध्यम
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की सभी गतिविधियां समय पर पूरी हों और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम किया जाए।
उन्होंने कहा कि संस्कृति लोगों से जुड़ने का प्रभावी माध्यम है, जबकि पर्यटन के जरिए छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है। दोनों विभागों की गतिविधियों में स्थानीय संस्कृति, लोक कला, युवाओं और डिजिटल माध्यमों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अधिकारियों ने की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



