लक्ष्य पाने के लिए जुनून और मेहनत जरूरी: राज्यपाल रमेन डेका चाम्पा स्कूल में नए सभाकक्ष का लोकार्पण, मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों और रोजगार पाने वाले युवाओं का सम्मान
रायपुर, 29 अगस्त 2026। राज्यपाल रमेन डेका आज बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्कूल के नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ शिक्षकों, मेधावी विद्यार्थियों और रोजगार हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि नए सभाकक्ष से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और दूसरी ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए बेहतर जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में शिक्षकों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपने व्यवहार और काम के जरिए विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनें।

मेहनत से ही पूरा होगा लक्ष्य
राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए पूरे जुनून के साथ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है और असफलता आने पर भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ अपनी पसंद के विषय में विशेषज्ञता हासिल करने के अवसर मिलेंगे।
मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित इस्तेमाल करें
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के ज्यादा इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और एआई आज के समय में काफी उपयोगी हैं, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल विद्यार्थियों की सोचने और रचनात्मक क्षमता को प्रभावित कर सकता है। इसलिए तकनीक का इस्तेमाल जरूरी और सही काम के लिए ही करना चाहिए।
गांव के लिए बताया ऐतिहासिक अवसर
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा गांव आने को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की सीख भी देते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय लगातार मेहनत करते रहें। कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
मां की स्मृति में लगाया पौधा
राज्यपाल ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में स्कूल परिसर में अमलताश का पौधा लगाया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
इस दौरान ‘बिहान’ योजना से जुड़ी आजीविका दीदियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। राज्यपाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आजीविका दीदियों ने धान और चावल के बीजों से बनाई गई हस्तनिर्मित राखी राज्यपाल को बांधी। राज्यपाल ने राखी की जमकर सराहना की।
मेधावी विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान
कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक एवं शिक्षाविद् श्री एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और भूषण धुरंधर को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा 12वीं के स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा, साक्षी वर्मा, 10वीं के अमित कुमार टंडन तथा PAT में चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा को भी सम्मानित किया गया। ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार हासिल करने वाले 9 युवाओं को भी सम्मान मिला।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।



