
राष्ट्रीय खेल दिवस पर केटीयू में हुए कई पारंपरिक और नए खेल, कुलपति-कुलसचिव के साथ विद्यार्थियों ने भी लिया हिस्सा
रायपुर, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने कहा कि खेल सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नहीं होते, बल्कि ये हमें मुश्किल परिस्थितियों में भी आखिरी समय तक संघर्ष करना और जीत हासिल करने का हौसला सिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, उत्साह और एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की भावना विकसित होती है। ये गुण पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में भी बहुत काम आते हैं। खेल तनाव कम करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने में भी मदद करते हैं।
कई खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में कई तरह के पारंपरिक और नए खेलों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने ‘ओंकार दौड़’, ‘केंद्र कबड्डी’, ‘नेताजी की पहचान’, ‘मत चूको चौहान’, ‘शेर-आदमी-बंदूक’ और ‘सुदर्शन चक्र’ जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
खेलों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल के साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का संदेश भी दिया।



