
पोषण पखवाड़ा में ईसीसीई गतिविधियां, बच्चों के पोषण व मानसिक विकास पर जोर
जांजगीर-चांपा, 15 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में 9 से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 15 अप्रैल को बम्हनीडीह, सारागांव, नवागढ़, भैसमुडी, राहौद एवं बलौदा शहरी क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों में ईसीसीई गतिविधियों एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बनाए गए लर्निंग कॉर्नर की जानकारी पालकों को दी गई तथा बच्चों द्वारा तैयार सामग्री का प्रदर्शन किया गया। साथ ही स्थानीय नो/लो-कॉस्ट सामग्री से खिलौने बनाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के मस्तिष्क विकास, स्क्रीन टाइम कम करने और सही पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। एनीमिया व डायरिया से बचाव तथा पौष्टिक आहार अपनाने के लिए रंगोली के माध्यम से संदेश दिया गया। मुनगा, अंकुरित अनाज एवं मौसमी फलों जैसे स्थानीय पोषक आहार के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त अभियान एवं पोषण पखवाड़ा के तहत शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक वर्षों में बच्चों का लगभग 80 प्रतिशत मानसिक विकास होता है, इसलिए इस आयु में उचित पोषण एवं सकारात्मक वातावरण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं, अभिभावक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



