
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम ग्राम सड़क योजना (फेज-04) और अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का किया शुभारंभ
जांजगीर-चांपा, 17 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के तहत 2,225.44 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत 774 सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2,426.875 किलोमीटर है। इसके साथ ही अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का भी शुभारंभ किया गया।
जिला पंचायत सभा कक्ष में इस कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी, उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, सदस्यगण एवं कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 2,427 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण से 781 बसाहटों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता मिरी ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
उन्होंने बताया कि जिले में 31 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। वर्तमान समय में डिजिटल सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए ये केंद्र ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।



