पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कसडोल में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

सशक्त नारी और युवा शक्ति से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : अरुण साव

 

 

कसडोल। नगर पंचायत कसडोल में संचालित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू, उपाध्यक्ष सुदीप मानिकपुरी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष अजय साहू, राजकुमार जायसवाल एवं मीडिया प्रभारी नागेश साहू उपस्थित रहे। वहीं शाला विकास समिति की सदस्य दुर्गा साहू, जानू यादव, सावित्री साहू, गोमती साहू, पूजा साहू सहित अन्य सदस्यगण भी मौजूद रहे।

 

विज्ञान मॉडल और रोबोटिक तकनीक ने खींचा ध्यान

 

प्रदर्शनी में कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के विज्ञान मॉडल, रोबोटिक मॉडल, चित्रकला, भौगोलिक मॉडल, अंतरिक्ष प्रक्षेपण, हिंदी व्याकरण एवं खाद्य श्रृंखला से संबंधित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए।

 

 

प्रदर्शनी में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा यंत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा स्वचालित रोबोटिक यंत्र, विंड टरबाइन और विद्युत तरंगों से संबंधित मॉडल ने भी अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग और नए आविष्कारों की संभावनाओं को प्रस्तुत किया।

 

बोर्ड परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

 

विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के साथ बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय सहित चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

 

 

वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कार

 

वर्ष 2025-26 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर तक सहभागिता कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

युवा संसद प्रतियोगिता के विजेताओं को मिली शाबाशी

 

वर्ष 2026 में आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के प्रतिभागियों का भी सम्मान किया गया। सभी प्रतिभागियों को शील्ड, कप एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।

 

विज्ञान और नए विचारों से आगे बढ़ें विद्यार्थी : अतिथि

 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विज्ञान हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। नए विचार ही नई खोजों को जन्म देते हैं। शासन के निर्देशानुसार आयोजित ऐसी विज्ञान प्रदर्शनियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ विज्ञान के क्षेत्र में भी आगे बढ़कर अपने माता-पिता, विद्यालय और कसडोल नगर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य विशेराम माडलेश्वर एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा स्टाफ का विशेष योगदान रहा। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अतिथियों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close