
सेवा सेतु से आसान हुआ प्रमाण पत्र बनवाना, मोबाइल पर PDF के साथ मिली हार्ड कॉपी
नारायणपुर में सेवा सेतु शिविर से 331 ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
जांजगीर-चांपा, 5 अक्टूबर 2026। अब आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ रही है। सेवा सेतु केन्द्र के जरिए आवेदन करने के बाद प्रमाण पत्र मोबाइल पर PDF के रूप में मिल रहा है। इसके साथ ही हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्राम नवागढ़ के रहने वाले हीरालाल अपने बेटे शौर्य कुमार का आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय नवागढ़ स्थित सेवा सेतु केन्द्र पहुंचे। उन्होंने जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। केन्द्र में दस्तावेजों की जांच के बाद आवेदन स्वीकार कर लिया गया।
कुछ ही दिनों बाद हीरालाल के मोबाइल पर उनके बेटे के तीनों प्रमाण पत्र PDF के रूप में पहुंच गए। इसके बाद उन्हें प्रमाण पत्र की हार्ड कॉपी भी मिल गई। इससे उन्हें काफी सुविधा हुई।
बेटे के प्रमाण पत्र बनने के बाद हीरालाल ने अपनी बेटी श्रेया के आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए भी सेवा सेतु केन्द्र में आवेदन किया। बेटी के प्रमाण पत्र भी उन्हें तय समय में मिल गए।
हीरालाल ने बताया कि सेवा सेतु केन्द्र में आवेदन करने से उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। मोबाइल पर PDF और साथ में हार्ड कॉपी मिलने से पूरी प्रक्रिया आसान हो गई।
उन्होंने सेवा सेतु की इस सुविधाजनक व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।



