
चेकडेम से रुका पानी, किसानों को मिली खेती में मदद
सेवा संकल्प अभियान के तहत सामूहिक भोज, सामाजिक समानता और आपसी अपनत्व का दिया संदेश
जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर 2026। बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम पंचायत सरवानी में लखाली डहर नाला पर बनाया गया चेकडेम गांव के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। पहले बारिश का पानी नाले से तेजी से बहकर निकल जाता था। गर्मी आते-आते पानी की कमी हो जाती थी। अब चेकडेम बनने से बारिश का पानी ज्यादा समय तक रुक रहा है।
चेकडेम का निर्माण वित्तीय वर्ष 2025-26 में रोजगार गारंटी योजना के तहत कराया गया। इसके निर्माण पर 19.90 लाख रुपये खर्च हुए। इसमें 3.775 लाख रुपये मजदूरी और 16.125 लाख रुपये सामग्री पर खर्च किए गए। निर्माण कार्य से ग्रामीणों को करीब 1,444 मानव दिवस का रोजगार भी मिला।
चेकडेम बनने से नाले के आसपास के खेतों में नमी बनी रहने लगी है। इसका फायदा किसानों को धान के साथ सब्जियों की खेती में भी मिल रहा है। पानी धीरे-धीरे जमीन में जाने से भू-जल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। साथ ही मिट्टी का कटाव कम होगा और पशुओं के लिए भी पानी उपलब्ध रहेगा।
रोजगार सहायक धनेश्वर श्रीवास ने बताया कि चेकडेम गांव के लोगों के लिए काफी काम का साबित हुआ है। इससे एक तरफ ग्रामीणों को रोजगार मिला, वहीं दूसरी ओर किसानों को खेती के लिए पानी का सहारा मिला है।
किसान देवकुमार कर्ष ने बताया कि उनका खेत नाले के पास है। चेकडेम बनने से पानी रुकने के कारण खेत में नमी बनी रही और धान की फसल लेने में मदद मिली। बाबूलाल, रेशम कश्यप सहित अन्य किसानों ने भी चेकडेम से होने वाले फायदे की जानकारी दी।
सरवानी का यह चेकडेम दिखाता है कि गांव में कराया गया एक काम रोजगार देने के साथ-साथ पानी बचाने और किसानों की खेती में मदद कर सकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आई यह कहानी गांव के विकास और जल संरक्षण की एक अच्छी मिसाल है।



