
पोषण माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुईं कई गतिविधियां, स्थानीय पौष्टिक भोजन का दिया संदेश
जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर 2026। राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में इन गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्थानीय खाद्य पदार्थों के पोषण महत्व के बारे में जानकारी देना और परिवारों में सही खान-पान की आदतों को बढ़ावा देना रहा।
स्थानीय व्यंजनों की डिजिटल रेसिपी बनाई गई
आंगनबाड़ी केंद्रों में स्थानीय स्तर पर आसानी से मिलने वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों और पारंपरिक व्यंजनों की डिजिटल रेसिपी तैयार कर साझा की गई। इससे लोगों को घर पर ही पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में परिवार के पुरुष सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने सत्तू, मूंग दाल, चीला, खिचड़ी और चना-मूंग चाट जैसी आसान, सुपाच्य और पौष्टिक रेसिपी बनाकर दिखाईं।
इस गतिविधि का उद्देश्य परिवार के पोषण में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाना और बच्चों व परिवार के खान-पान को लेकर जिम्मेदारी साझा करने का संदेश देना था।
‘मेरी थाली, मेरी कहानी’ से समझाया संतुलित आहार
कार्यक्रम के दौरान समुदाय के लोगों के साथ ‘मेरी थाली, मेरी कहानी’ गतिविधि भी कराई गई। इसमें प्रतिभागियों ने 5-6 अलग-अलग खाद्य समूहों को शामिल करते हुए संतुलित थाली तैयार की और अपनी थाली के बारे में जानकारी साझा की।
अभिभावकों को बच्चों और परिवार के बेहतर पोषण से जुड़े जरूरी संदेश और वीडियो भी दिखाए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थ और स्वस्थ खान-पान की आदतों के प्रति जागरूक किया गया।



