
गांव-गांव पहुंच रहा ‘आशीर्वाद का दीया’ का संदेश, 17 सितंबर को दीप जलाने की अपील
जांजगीर-चांपा, 16 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत अब ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का संदेश गांव-गांव पहुंचाया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, ग्रामीण समूह और जनप्रतिनिधि वीडियो संदेश के जरिए लोगों से 17 सितंबर की शाम अपने घरों में दीप जलाने और कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील कर रहे हैं।
हर घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जा रही है।
अभियान में प्रत्येक दीप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बताया गया है।
गांवों में मैदानी टीमें, स्व-सहायता समूह और ग्रामीण जनप्रतिनिधि लोगों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
वीडियो संदेशों के जरिए लोगों से अपील
जिले के अलग-अलग गांवों में स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण समूहों की महिलाएं वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दे रही हैं। इन संदेशों में ग्रामीणों से 17 सितंबर की शाम घरों में दीप जलाने और सेवा, समर्पण तथा जनभागीदारी का संदेश देने की अपील की जा रही है।
समूह की महिलाओं को भी कार्यक्रम की जानकारी देकर दीप प्रज्वलन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
शिवरीनारायण में जलेंगे एक लाख दीप
17 सितंबर को शाम 7 बजे शिवरीनारायण के महानदी घाट पर एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
प्रशासन और मैदानी स्तर पर काम कर रहे समूहों की ओर से अधिक से अधिक लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।



