दृष्टि हेल्पलाइन की सूचना पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए शुरू की गई “दृष्टि हेल्पलाइन” के जरिए पुलिस को एक बार फिर सफलता मिली है। ग्राम देवरी मेनरोड में धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को दृष्टि हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम देवरी मेनरोड में एक व्यक्ति धारदार चाकू लहराते हुए राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना भाटापारा ग्रामीण की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अंकुश त्रिपाठी पिता कौशलेश त्रिपाठी, उम्र 27 वर्ष, निवासी डेराबाड़ी, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी गुलाब नगर, श्री पार्क, जामनगर, गुजरात के रूप में की है।
आरोपी के पास से चाकू बरामद
पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया। मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
सूचना देने में “दृष्टि हेल्पलाइन” की अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में आम नागरिकों की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के उद्देश्य से जिले में “दृष्टि हेल्पलाइन” शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक नागरिक किसी भी आपराधिक गतिविधि, सूचना या शिकायत की जानकारी दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से दे सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की धरपकड़ लगातार की जा रही है।



