गेंदा फूल की खेती से विद्याधर पटेल कमा रहे लाखों रुपये, छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक पहुंच रही खुशबू

केंद्रीय जेल रायपुर के 70 बंदियों को मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

 

रायगढ़, 22 नवंबर 2026। खेती-किसानी में नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुसार बदलाव किया जाए तो खेती को लाखों रुपये की कमाई का जरिया बनाया जा सकता है। इसका उदाहरण रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल हैं, जिन्होंने गेंदा फूल की खेती को सफल व्यवसाय का रूप दिया है।

 

विद्याधर पटेल वर्ष 2007-08 से गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं। आज वे लगभग 7 से 8 एकड़ में फूलों का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल छत्तीसगढ़ के कई जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक पहुंच रहा है। इस व्यवसाय से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है और गांव के 15 से 20 ग्रामीणों को नियमित रोजगार भी मिल रहा है।

 

कृषि प्रदर्शनी में फूलों की मांग देखकर आया खेती का विचार

 

विद्याधर पटेल बताते हैं कि वे वर्ष 1994-95 से सब्जियों की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में शामिल होने का अवसर मिला। वहां गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उनके मन में इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का विचार आया।

 

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2007-08 में गेंदा फूल की खेती शुरू की। धीरे-धीरे अनुभव बढ़ा और खेती का रकबा भी बढ़ाते गए।

 

पॉलीबैग तकनीक से कम किया नुकसान का जोखिम

 

शुरुआत में खुले खेत में पौधे तैयार करने के दौरान बीज का सही अंकुरण नहीं होने जैसी समस्याएं आती थीं। इसके कारण दोबारा बुवाई करनी पड़ती थी और पौधे तैयार होने में देरी होती थी। इसका असर दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के सीजन में फूलों की बिक्री पर पड़ता था।

 

इस समस्या का समाधान निकालते हुए विद्याधर ने पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इससे पौधों की तैयारी और उत्पादन में बेहतर तालमेल बना। खास बात यह है कि दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचने का अवसर मिल जाता है।

 

एक एकड़ में 5 लाख रुपये तक की बिक्री

 

विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री हो जाती है। वहीं, प्रति एकड़ करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक लागत आती है।

 

दशहरा से दीपावली तक फूलों की सबसे ज्यादा मांग रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वे खेती और बाजार की तैयारी करते हैं। सिंचाई के लिए दो निजी बोरवेल के साथ खेतों में पाइपलाइन, ड्रिप और स्प्रिंकलर की व्यवस्था भी की गई है।

 

छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा तक पहुंच रहे गेंदा फूल

 

विद्याधर पटेल के फूलों की मांग केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है। ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में नियमित रूप से फूलों की आपूर्ति की जाती है।

 

इसके अलावा सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर के बाजारों में भी उनके खेतों से फूल पहुंचते हैं।

 

फूलों के सीजन में प्रतिदिन करीब 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से सप्लाई की जाती है। फूलों की बिक्री नगद होती है और श्रमिकों तथा वाहन चालकों को भी नियमित भुगतान किया जाता है।

 

परिवार का साथ, गांव के 15 से 20 लोगों को रोजगार

 

इस सफलता के पीछे विद्याधर पटेल के परिवार का भी बड़ा योगदान है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में सहयोग करती हैं। इसके साथ ही गांव के 15 से 20 श्रमिक नियमित रूप से उनके साथ काम करते हैं।

 

फूलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा प्रतिदिन 8 से 10 किराये के वाहनों की भी जरूरत पड़ती है। इससे स्थानीय श्रमिकों के साथ वाहन चालकों को भी रोजगार मिल रहा है।

 

गेंदा फूल के साथ सब्जियों की खेती भी

 

विद्याधर पटेल केवल फूलों की खेती पर निर्भर नहीं हैं। वे लगभग 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं।

 

गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उगाते हैं।

 

विद्याधर पटेल की यह सफलता बताती है कि पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों, तकनीक और बाजार की सही समझ अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकते हैं।

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close