रोहरा लूटकांड का फरार शातिर आरोपी कौशलेश त्रिपाठी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और ₹61,950 नकद बरामद

बलौदाबाजार-भाटापारा। ग्राम रोहरा में ज्वेलर्स संचालक से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोना-चांदी के जेवर लूट के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी कौशलेश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और ₹61,950 नकद सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी एवं दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हमला कर मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखी करीब 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹12 लाख बताई गई, लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 404/2026, धारा 309(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले 4 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं आरोपी कौशलेश त्रिपाठी फरार चल रहा था।
लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार कौशलेश त्रिपाठी शातिर और आदतन अपराधी है तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सूचना तंत्र के माध्यम से उसके संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। सटीक सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सीतामढ़ी, कोरबा में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, लूट, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पिस्टल, कारतूस और नकदी बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशलेश त्रिपाठी पिता देवमणी, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम डेरावारी, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी गुलाब नगर, श्री पार्क, जामनगर, गुजरात के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री:
– एक पुरानी पिस्टल
– पिस्टल की मैगजीन में 2 जिंदा कारतूस
– 3 मोबाइल फोन
– ₹61,950 नगद
– आरोपी का पैन कार्ड
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस के अनुसार अब तक इस लूटकांड में कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



