
गांव की महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, घर बैठे कमा रहीं अच्छी आमदनी
रायपुर, 07 अप्रैल 2026। सरकार की बिहान योजना (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) से जुड़कर रायगढ़ जिले की महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रही हैं। यह योजना महिलाओं को पैसा कमाने के साथ-साथ आत्मविश्वास और पहचान भी दे रही है।
ग्राम बड़ेभंडार की रहने वाली मथुरा कुर्रे इसका अच्छा उदाहरण हैं। योजना से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक मदद मिली, जिससे उन्होंने घर पर ही अचार, पापड़, बड़ी और मसाले बनाने का काम शुरू किया। आज वे अपने सामान बेचकर नियमित कमाई कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं।
वहीं, घरघोड़ा तहसील के ग्राम रूमकेरा की जमुना सिदार की कहानी भी प्रेरणादायक है। पहले वे सिर्फ गृहिणी थीं, लेकिन बिहान योजना से जुड़कर उन्होंने बांस से टोकरी और सूपा बनाना सीखा। अब वे अपने बनाए सामान को बाजार और मेलों में बेचकर अच्छी आय कमा रही हैं। खासकर सरस मेला में उन्हें अच्छा मौका मिला।
इस योजना के जरिए महिलाओं को सिर्फ पैसा ही नहीं, बल्कि काम सीखने, खुद का व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने का मौका मिल रहा है। जिले में कई महिलाएं अब खुद का काम शुरू कर रही हैं और अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
जिला प्रशासन भी महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
अब बिहान योजना गांव की महिलाओं के लिए नई पहचान और मजबूत भविष्य का जरिया बनती जा रही है।



