
छत्तीसगढ़ विधानसभा होगी डिजिटल और पेपरलेस, NeVA प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
कृषक उन्नति योजना खरीफ-2026: अनुदान वितरण होगा पारदर्शी, धान खरीदी पोर्टल और एग्रीस्टैक होंगे एकीकृत
रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और पेपरलेस बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA – National e-Vidhan Application) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल विधायी प्रक्रियाओं और एप्लीकेशन के तकनीकी उपयोग की जानकारी देना था, ताकि विधानसभा का कामकाज अधिक सरल, व्यवस्थित और तेज बनाया जा सके।
अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय (MoPA) के NeVA समन्वयक अमन गौतम और श्रीधर स्वामी ने एप्लीकेशन के विभिन्न तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी दी।
इस दौरान एडमिन मॉड्यूल, प्रश्न मॉड्यूल और समिति मॉड्यूल के संचालन एवं उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया गया कि डिजिटल माध्यम से विधायी कार्यों को किस प्रकार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है।
ऑनलाइन होंगी विधायी प्रक्रियाएं
NeVA एप्लीकेशन के माध्यम से विधानसभा की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से:
– विधानसभा में प्रश्न एवं सूचनाएं डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत करना।
– विधायी दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन और सुरक्षित रख-रखाव।
– सदन की कार्यवाही से जुड़ी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान।
– संसदीय एवं विधायी प्रक्रियाओं का एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालन।
इस व्यवस्था से विधानसभा के कामकाज में तेजी आएगी और दस्तावेजों के प्रबंधन में पारदर्शिता एवं कार्यक्षमता बढ़ेगी।
चिप्स और NIC के अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (CHiPS) और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।
कागज और समय दोनों की होगी बचत
राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इसका उद्देश्य देश की विधानसभाओं को आधुनिक सूचना एवं संचार तकनीक से जोड़कर कामकाज को डिजिटल और कागज रहित बनाना है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में NeVA के प्रभावी क्रियान्वयन से विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन, सूचनाओं के आदान-प्रदान और प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। साथ ही समय और कागजी संसाधनों की बचत होगी। यह पहल छत्तीसगढ़ विधानसभा को आधुनिक डिजिटल कार्यप्रणाली की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।



