
युवाओं के लिए बड़ी खबर: 7-8 अक्टूबर को रायपुर में रोजगार मेला
रायपुर, 23 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका आने वाला है। राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8 हजार से ज्यादा पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कई बड़ी कंपनियां होंगी शामिल
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी संस्थानों को रोजगार मेले में शामिल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना है।
नौकरी की तलाश कर रहे युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन भी करा सकते हैं।
चयनित युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर
राज्य और जिला स्तर पर रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों ऑफर लेटर देने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए जिलों से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 1 अक्टूबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव-गांव होगा प्रचार
रोजगार मेले में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही जिला और राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित युवाओं की कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया है।
सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के जरिए प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला स्तर पर विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।



