
शशि चौधरी को चांपा और पवन कोसमा को मिली पामगढ़ SDM की जिम्मेदारी
जांजगीर-चांपा, 19 सितंबर 2026। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच कामकाज में बदलाव किया है। कलेक्टर ने पहले जारी कार्य विभाजन आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए नई जिम्मेदारियां तय की हैं।
इस फेरबदल में डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) चांपा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डिप्टी कलेक्टर पवन कोसमा को SDM पामगढ़ बनाया गया है।
इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर सुब्रत प्रधान को SDM जांजगीर, जबकि सुमित बघेल को SDM अकलतरा एवं बलौदा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर भावना साहू को SDM शिवरीनारायण बनाया गया है।
अधिकारियों के बीच कामकाज में भी बदलाव
आदेश के अनुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुनार पोयान को जन समस्या निवारण शिविर, स्वीप कार्यक्रम, आकांक्षी जनपद, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, जल जीवन मिशन, कृषि सहित कई विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सहित पामगढ़ और शिवरीनारायण अनुभाग से जुड़े राजस्व प्रकरणों तथा कई प्रशासनिक शाखाओं का दायित्व सौंपा गया है।
अपर कलेक्टर आरके तम्बोली को चांपा अनुभाग सहित राजस्व और अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी को अकलतरा अनुभाग के राजस्व प्रकरणों के साथ कई अन्य विभागों का दायित्व सौंपा गया है।
अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां
संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर को स्थापना एवं वित्त, खाद्य, डीएमएफ, पर्यटन, संस्कृति, सूचना प्रौद्योगिकी, भारत नेट, चिप्स सहित कई शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है।
डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र चौधरी को शिकायत, जनदर्शन, मुख्यमंत्री एवं मंत्री स्तर से प्राप्त पत्रों, जनप्रतिनिधियों के पत्रों और विभिन्न आयोगों से संबंधित मामलों की जिम्मेदारी मिली है।
डिप्टी कलेक्टर रिचा सिंह को भू-अभिलेख, चकबंदी, व्यपवर्तन, सीएम हेल्पलाइन, कौशल विकास, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा अन्य संबंधित शाखाओं का दायित्व सौंपा गया है।
कलेक्टर के आदेश के बाद अब जिले में राजस्व और प्रशासनिक कार्यों का संचालन अधिकारियों को दी गई नई जिम्मेदारियों के अनुसार किया जाएगा।



