
नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने मिशन मोड में काम करे पुलिस: विजय शर्मा
कवर्धा, 13 सितंबर 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को अब और ज्यादा सख्ती से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशे के कारोबार को सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला न मानें, बल्कि इसे समाज और युवाओं को बचाने की लड़ाई के रूप में लें।
कवर्धा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में रविवार को राजनांदगांव रेंज स्तरीय एनडीपीएस एक्ट कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें राजनांदगांव रेंज के पुलिस अधिकारी और विवेचना अधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सिर्फ आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे कार्रवाई
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ना जरूरी है। पुलिस की कार्रवाई केवल आरोपी को पकड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाए कि नशीला पदार्थ कहां से आया, किसके जरिए पहुंचा और आगे कहां भेजा जाना था। आरोपी के संपर्क, लोकेशन और आवागमन की भी जांच की जाए, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।

वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का करें बेहतर इस्तेमाल
विजय शर्मा ने कहा कि एनडीपीएस के मामलों में मजबूत विवेचना बेहद जरूरी है। गवाह उपलब्ध नहीं होने जैसी स्थिति में भी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का बेहतर इस्तेमाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में दोषसिद्धि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होती है। इसलिए हर विवेचना अधिकारी को साक्ष्य जुटाने और दस्तावेजी प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के कई मामलों में दूसरे राज्यों से जुड़े स्रोत सामने आए हैं। सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से गांजे की अवैध खेती और तस्करी के स्रोतों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई को रोजमर्रा की कार्रवाई न मानें। इसे मिशन के रूप में लेकर अपने-अपने क्षेत्र को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त कराने के लिए ठोस परिणाम दें।
सीसीटीवी और तकनीक का करें इस्तेमाल
विजय शर्मा ने कहा कि जहां नशीले पदार्थों से जुड़े अवशेष या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले, वहां उसकी गंभीरता से जांच कराई जाए। जरूरत के अनुसार सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए और सीसीटीवी सहित आधुनिक तकनीकी साधनों का इस्तेमाल किया जाए।
अधिकारियों को दी गई विवेचना की जानकारी
कार्यशाला में राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन और दोषसिद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके संपर्कों और लोकेशन की जांच कर तस्करी की पूरी कड़ी तक पहुंचना जरूरी है। कार्यशाला में साक्ष्य जुटाने, तकनीकी साक्ष्यों के इस्तेमाल, दस्तावेजी प्रक्रिया और न्यायालय में मजबूत प्रकरण प्रस्तुत करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
कार्यशाला के अंत में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बेहतर काम करने और आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कार्यक्रम में आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से मिले मार्गदर्शन को पुलिस अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में लागू करेंगे और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे।



