
भोरमदेव शक्कर कारखाने की बड़ी उपलब्धि, लगातार दो साल देश में सबसे ज्यादा शुगर रिकवरी
कवर्धा, 13 सितंबर 2026। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो साल देश में सबसे ज्यादा शुगर रिकवरी हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि के लिए कारखाने को वर्ष 2024-25 और 2025-26 का राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड भी मिला है।
इसी मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कारखाने से जुड़े करीब 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर देने की शुरुआत की। किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर दी जाएगी। यह लगातार तीसरा साल है, जब किसानों को इस तरह रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
किसानों की मेहनत से मिली बड़ी सफलता
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है। इसकी मजबूती किसानों की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार दो वर्षों तक सबसे ज्यादा शुगर रिकवरी मिलना केवल कारखाने की उपलब्धि नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का भी परिणाम है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। अब करीब 28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपए किलो की दर से 50 किलो शक्कर दी जा रही है।
पिछले साल कारखाने में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य भी रखा गया है।
उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से ही कारखाना आगे बढ़ेगा और इसका फायदा भी किसानों को मिलेगा।
किसानों की सुविधा के लिए बनेगा डोम
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था में होने वाला लाभ सभी सदस्यों तक पहुंचता है। इसलिए किसानों को कारखाने से जुड़कर शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।
लगातार दो साल राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च रिकवरी
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने 2024-25 और 2025-26 में पूरे देश में सबसे ज्यादा शुगर रिकवरी हासिल की। इसके लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से कारखाने को एफिशिएंसी अवार्ड दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर किसानों, कारखाना कर्मचारियों और प्रबंधन को बधाई दी।
किसानों के घर पहुंचेगी त्योहार की मिठास : रामविचार नेताम
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि त्योहारों के समय किसानों को रियायती दर पर शक्कर मिलना खुशी की बात है। तीजा और गणेश चतुर्थी जैसे पर्वों के बीच शक्कर मिलने से किसानों के घरों में त्योहार की खुशियां और बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में यह व्यवस्था फिर शुरू हुई है।
मंत्री ने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत ने छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई है। बेहतर गन्ना उत्पादन और अच्छी शुगर रिकवरी किसानों की मेहनत का नतीजा है। सरकार गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।




