
निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा पर मुंबई में राष्ट्रीय सम्मेलन
रायपुर, 12 सितंबर 2026। निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य को लेकर मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 11 और 12 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
सम्मेलन में निर्माण श्रमिकों को सुरक्षित और सम्मानजनक काम का माहौल देने के साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर चर्चा की जा रही है। अलग-अलग राज्यों में श्रमिकों के हित में चल रही योजनाओं और बेहतर कार्यप्रणालियों को भी साझा किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव हिम शिखर गुप्ता सहित कई राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद हैं।
छत्तीसगढ़ का भी प्रतिनिधित्व
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की ओर से भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव गिरीश रामटेके शामिल हुए हैं।
सम्मेलन के दौरान राज्यों की ओर से निर्माण श्रमिकों के लिए लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं, नए प्रयोगों और बेहतर काम करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों तक आसानी से कैसे पहुंचाया जाए।
श्रमिकों के लिए आगे की रणनीति पर जोर
राष्ट्रीय सम्मेलन में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्माण श्रमिकों के हित में आगे की रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि इस तरह के प्रयासों से देशभर में निर्माण श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत एवं सुलभ बनाने में मदद मिलेगी।



