नारी के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

 

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो उनके साथ परिवार और समाज भी आगे बढ़ता है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है।

 

मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे।

 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, पत्रकारिता, साइबर सुरक्षा, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने समारोह पर आधारित ब्रोशर का भी विमोचन किया।

 

सम्मानित महिलाएं दूसरी बेटियों के लिए प्रेरणा

 

मुख्यमंत्री साय ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि इन महिलाओं ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और हिम्मत के दम पर अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान बनाई है। उनकी सफलता प्रदेश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि नारी परिवार को संस्कार देने के साथ समाज और देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आज छत्तीसगढ़ की महिलाएं खेती, कारोबार, शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और तकनीक सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

 

महिला आयोग को गांवों तक पहुंचाने पर जोर

 

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आयोग का काम केवल शिकायतों का समाधान करना नहीं होना चाहिए। आयोग को गांवों, कस्बों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों की जानकारी भी देनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि किसी महिला के साथ अन्याय होने पर उसे यह भरोसा होना चाहिए कि शासन और उसकी संस्थाएं उसके साथ खड़ी हैं।

 

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहारा

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए उनका आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना जरूरी है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 31 किस्तें महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी हैं।

 

उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं के लिए केवल आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि इससे उनका आत्मविश्वास और अपने फैसले लेने की क्षमता भी बढ़ी है। महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घरेलू जरूरतों और स्वरोजगार जैसे कामों में कर रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए सरकार ने बहनों के खातों में सहायता राशि समय से पहले पहुंचाई, ताकि त्योहार की खुशियां और बेहतर हो सकें।

 

13.85 लाख से ज्यादा महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं स्व-सहायता समूहों के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, खेती, वनोपज, छोटे उद्योग और दूसरे स्वरोजगार के कामों के साथ अब ड्रोन संचालन जैसे नए क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण, पूंजी, बाजार और तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

 

2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य प्रदेश की मातृशक्ति के योगदान को सम्मान देना और महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार करना है।

 

उन्होंने बताया कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरस्वती साइकिल योजना जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ पहल के तहत प्रदेश में 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।

 

महिला स्व-सहायता समूहों को काम करने के लिए बेहतर जगह उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है। रेडी-टू-ईट कार्यक्रम से भी महिला समूहों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

 

महिलाओं के नाम संपत्ति से बढ़ेगी आर्थिक मजबूती

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक अधिकार देने के लिए उनके नाम पर जमीन और संपत्ति के पंजीयन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। संपत्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ने से उनका आर्थिक आधार मजबूत होता है और परिवार के महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी भागीदारी भी बढ़ती है।

 

उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है। इसके लिए समाज की सोच में भी बदलाव जरूरी है। बेटियों को अच्छी शिक्षा, महिलाओं को रोजगार और कारोबार के अवसर, सुरक्षा और समय पर न्याय मिलना जरूरी है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एक बेटी पढ़ती है तो पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है और जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार मजबूत होता है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना पूरा किया जा सकता है।

 

महिला आयोग महिलाओं के लिए उम्मीद और न्याय का माध्यम : तोखन साहू

 

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि महिला आयोग जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं के लिए उम्मीद और न्याय का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं दीं।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को विशेष सम्मान दिया गया है और समाज के विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है।

 

महिलाओं की भागीदारी के बिना विकास संभव नहीं : अरुण साव

 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे जीवन में सफल हों। उन्होंने डॉ. ममता साहू को महिला आयोग की जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके पिता कृपाराम साहू का भी उल्लेख किया।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। महिलाओं की भागीदारी के बिना परिवार, समाज और देश का पूरा विकास संभव नहीं है।

 

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत उत्सव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं से प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।

 

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं मौजूद रहीं।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close